March 7, 2026 2:36 am

20 मार्च के बाद आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे हरीश रावत, पीड़ित परिवारों से करेंगे मुलाक़ात…

देहरादून: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने 20 मार्च के बाद आपदा प्रभावित क्षेत्रों के दौरे का कार्यक्रम तय किया है। उन्होंने बताया कि इस दौरान वे प्रभावित इलाकों में जाकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याओं को समझेंगे।

सोशल मीडिया पर दी जानकारी

हरीश रावत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि 20 मार्च के बाद वे धराली से बैसानी तक छेनागाड़ और थराली होते हुए यात्रा करेंगे। इस दौरान वे आपदा से प्रभावित परिवारों से मिलकर उनकी स्थिति का जायजा लेंगे।

सरकार को दिया समय

उन्होंने कहा कि वे फिलहाल सरकार को कुछ समय देना चाहते हैं ताकि विधानसभा के बजट सत्र में आपदा प्रभावितों के लिए बनाई गई कार्ययोजना को सदन में रखा जा सके। उनके मुताबिक सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि पीड़ितों के पुनर्वास और सहायता के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं।

आपदा पीड़ितों के प्रति संवेदनशीलता जरूरी

हरीश रावत ने कहा कि किसी भी सरकार की असली परीक्षा आपदा के समय होती है। सरकार को चाहिए कि वह पीड़ित परिवारों के साथ संवेदनशीलता से पेश आए और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करे।

पहले भी कर चुके हैं दौरा

पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि वे पहले भी कई आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं, लेकिन रुद्रप्रयाग जिले के छेनागाड़ क्षेत्र में नहीं जा पाए थे। इसलिए अब वे एक बार फिर इन क्षेत्रों में जाकर लोगों से मिलने का कार्यक्रम बना रहे हैं।

9 मार्च से शुरू होगा बजट सत्र

गौरतलब है कि उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र 9 से 13 मार्च 2026 तक गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में आयोजित होगा। सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी और 11 मार्च को वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया जाएगा।