August 7, 2026 7:04 pm

हल्द्वानी में कल गरजेंगे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, 2027 चुनाव का करेंगे शंखनाद, यशपाल आर्या ने लिया रामलीला मैदान का जायजा

देहरादून/हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शनिवार, 8 अगस्त को हल्द्वानी में जनसभा करेंगे। नैनीताल जिले के रामलीला मैदान में प्रस्तावित इस सभा को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल, यातायात और कार्यकर्ताओं के स्वागत सहित सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इस अवसर पर हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

यशपाल आर्या ने दावा किया कि कांग्रेस अध्यक्ष की यह जनसभा ऐतिहासिक होगी और इसमें 20 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी रहेगी। उनके अनुसार प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक हल्द्वानी पहुंचेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार की नीतियों से परेशान है और बदलाव चाहती है। कांग्रेस लगातार जनहित के मुद्दे उठा रही है और आगामी विधानसभा चुनाव मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी की यह जनसभा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत का संदेश देगी।

कांग्रेस संगठन के अनुसार जनसभा को सफल बनाने के लिए सभी जिलों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की गई है। अब राजनीतिक दलों की निगाहें शनिवार को होने वाली इस महत्वपूर्ण जनसभा पर टिकी हैं।