August 9, 2026 1:47 pm

उत्तराखंड: दो दिनों तक भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना, मौसम विभाग का अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के चलते अगले दो दिनों में कई जनपदों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 09 और 10 अगस्त के लिए विभिन्न जनपदों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

09 अगस्त को बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं देहरादून, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चम्पावत में कहीं-कहीं भारी वर्षा तथा हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

10 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चम्पावत में भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ गरज-चमक और अत्यंत तीव्र वर्षा की आशंका है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंहनगर में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

24 घंटे अलर्ट मोड पर रहेंगे अधिकारी

मौसम की स्थिति को देखते हुए सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी संबंधित जिलों को आवश्यक सावधानियां बरतने और 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। सड़क मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल मार्ग खोलने के लिए पर्याप्त संसाधन और उपकरण तैयार रखने को कहा गया है।

अधिकारियों और कर्मचारियों को मोबाइल फोन बंद न रखने तथा किसी भी आपदा की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।

आमजन और पर्यटकों से सावधानी बरतने की अपील

विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने की अपील की है। उन्होंने भारी वर्षा के दौरान नदी-नालों, गदेरों और बरसाती नालों के आसपास जाने से बचने को कहा है।

पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और पत्थर गिरने की आशंका वाले मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने तथा मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा स्थगित करने की अपील की गई है।