September 5, 2026 6:41 pm

राहुल गांधी पर मुकदमे के विरोध में हल्द्वानी पहुंचे चंद्रकांत हंडोरे, जांच अधिकारी से की मुलाकात

हल्द्वानी। कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर पार्टी का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। शनिवार को राज्यसभा सांसद एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चंद्रकांत हंडोरे हल्द्वानी पहुंचे और एसएसपी कार्यालय में मामले के जांच अधिकारी क्षेत्राधिकारी अमित सैनी से मुलाकात की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ उन्होंने ज्ञापन सौंपते हुए राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लेने और रामलीला मैदान में कथित शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के खिलाफ राजनीतिक दबाव में मुकदमा दर्ज किया गया है। पार्टी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले विपक्ष के नेता के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई उचित नहीं है।

चंद्रकांत हंडोरे ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुए कथित शुद्धिकरण मामले को लेकर भी पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि राजनीतिक कार्यक्रम के बाद सार्वजनिक स्थल का शुद्धिकरण किया गया है तो ऐसा करने वालों के खिलाफ भी कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस तरह की गतिविधियां सामाजिक और राजनीतिक माहौल को खराब करने वाली हैं।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस नहीं लिया गया और कथित शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। चंद्रकांत हंडोरे ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे से पीछे हटने वाली नहीं है और जरूरत पड़ने पर बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।

इस दौरान हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।