देहरादून। उत्तराखंड से राज्यसभा की एक सीट के लिए भाजपा के प्रत्याशी दिनेश आर्य ने मंगलवार को विधानसभा परिसर में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत पार्टी के कई विधायक मौजूद रहे।
नामांकन से पहले भाजपा विधायक दल की बैठक आयोजित की गई। इसके बाद दिनेश आर्य पार्टी नेताओं और विधायकों के साथ विधानसभा पहुंचे और निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिनेश आर्य को प्रत्याशी बनाए जाने पर पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि दिनेश आर्य सामान्य पृष्ठभूमि से आते हैं और संगठन में अलग-अलग जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए पार्टी के निर्देशों का पालन करते रहे हैं। धामी ने कहा कि उनके राज्यसभा सदस्य बनने से पार्टी के सामान्य कार्यकर्ताओं को भी आगे बढ़ने का संदेश मिलेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दिनेश आर्य के निर्विरोध निर्वाचित होने की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि पार्टी के निर्णय से कार्यकर्ताओं और समाज के विभिन्न वर्गों में उत्साह का माहौल है।
16 अक्टूबर को होगा मतदान
भारत निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर है। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर निर्धारित है। आवश्यकता पड़ने पर 16 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना की जाएगी।
25 नवंबर को पूरा होगा नरेश बंसल का कार्यकाल
उत्तराखंड से वर्तमान राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को पूरा हो रहा है। इसके बाद रिक्त होने वाली सीट के लिए भाजपा ने दिनेश आर्य को अपना प्रत्याशी बनाया है। राज्यसभा स्थायी सदन है और इसके सदस्यों का कार्यकाल छह वर्ष का होता है। प्रत्येक दो वर्ष में एक-तिहाई सदस्य सेवानिवृत्त होते हैं।