May 16, 2026 7:46 pm

सूचना मे “नो व्हीकल डे” : DG सूचना बंशीधर तिवारी 16 किमी साइकिल चलाकर पहुंचे दफ्तर, अपर निदेशक और संयुक्त निदेशक, सूचना ने भी किया पालन

देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचत और पेट्रोल-डीजल के कम उपयोग को लेकर की गई अपील का असर अब उत्तराखंड में भी दिखाई देने लगा है। देहरादून स्थित सूचना विभाग में शनिवार को “नो व्हीकल डे” के तहत अधिकारियों और कर्मचारियों ने निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन, इलेक्ट्रिक व्हीकल और साइकिल का इस्तेमाल कर कार्यालय पहुंचकर ऊर्जा संरक्षण का संदेश दिया।

सबसे खास पहल सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की रही, जो सहस्त्रधारा रोड स्थित अपने आवास से करीब 16 किलोमीटर साइकिल चलाकर रिंग रोड स्थित सूचना निदेशालय पहुंचे। उनका यह कदम केवल कार्यालय पहुंचने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और जिम्मेदार प्रशासन का मजबूत संदेश बन गया।

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊर्जा बचत आह्वान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में सूचना विभाग में प्रत्येक शनिवार “नो व्हीकल डे” मनाने का निर्णय लिया गया है।

इसी क्रम में अपर निदेशक सूचना आशीष त्रिपाठी ई-रिक्शा से कार्यालय पहुंचे, जबकि संयुक्त निदेशक के एस चौहान कई किलोमीटर पैदल चलकर सूचना निदेशालय पहुंचे।

सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से सार्वजनिक परिवहन, कार पूलिंग और साइकिल जैसे विकल्प अपनाने की अपील की है। साथ ही एमडीडीए में भी उनके नेतृत्व में “तेल बचाओ मुहिम” चलाई जा रही है, जिसके तहत ईंधन बचत, सीमित बिजली उपयोग और पर्यावरण संरक्षण को लेकर कई कदम उठाए जा रहे हैं।

देहरादून जैसे तेजी से बढ़ते शहर में जहां ट्रैफिक और प्रदूषण बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं, वहां एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा स्वयं साइकिल चलाकर दफ्तर पहुंचना लोगों के लिए प्रेरणादायक पहल माना जा रहा है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि छोटे-छोटे प्रयास ही बड़े बदलाव की नींव रखते हैं और यह अभियान उसी दिशा में एक अहम कदम है।