रुद्रपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हल्द्वानी में जनसभा को संबोधित करने के बाद रुद्रपुर पहुंचकर पार्टी के विधायकों, पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में कांग्रेस नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की राजनीतिक स्थिति, संगठन की गतिविधियों और जनता के बीच उठाए जाने वाले प्रमुख मुद्दों से राष्ट्रीय अध्यक्ष को अवगत कराया। नेताओं ने आगामी चुनाव में भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यशैली को लेकर जनता के बीच जाने की रणनीति पर भी मंथन किया।
एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान
मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छोटी-मोटी बातों से निराश होने के बजाय सभी कार्यकर्ताओं को मजबूती के साथ जनता के बीच काम करना चाहिए।
खड़गे ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, नेताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और प्रत्येक कार्यकर्ता को चुनावी अभियान से जोड़ने पर जोर दिया।
युवाओं और नई पीढ़ी के मुद्दों पर भी चर्चा
बैठक में नई युवा पीढ़ी से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा, रोजगार, युवाओं के भविष्य और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े सवालों को आगामी चुनाव में प्रमुख मुद्दा बनाने पर चर्चा की।
कांग्रेस नेताओं का कहना था कि राहुल गांधी लगातार युवाओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं और पार्टी आगे भी युवा वर्ग की समस्याओं को जनता के बीच प्रमुखता से उठाएगी।
चुनावी तैयारियों को मिलेगी गति
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रुद्रपुर की बैठक के बाद पार्टी संगठन आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जमीनी स्तर पर अपनी गतिविधियों को और तेज करेगा। कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ जनता के बीच जाने और संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
रुद्रपुर में रात्रि विश्राम के बाद प्रदेशभर के कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक प्रस्तावित है। इसमें आगामी चुनाव को लेकर संगठन की रणनीति और कार्ययोजना पर आगे की दिशा तय की जाएगी।