देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गांधी पार्क में आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रभक्ति की भावना को सदैव जीवंत रखने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने घंटाघर स्थित उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्वर्गीय इन्द्रमणि बडोनी और भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मुख्यमंत्री हजारों लोगों के साथ गांधी पार्क से घंटाघर तक निकली तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्र गौरव का उत्सव है और तिरंगा करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर जवानों ने तिरंगे की आन-बान-शान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सभी को सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए।
‘देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है उत्तराखंड’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश की अर्थव्यवस्था, स्वदेशी तकनीक, डिजिटल क्षेत्र और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना का मनोबल लगातार मजबूत हुआ है और देश ने विभिन्न अभियानों के माध्यम से अपनी सामरिक क्षमता का परिचय दिया है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है। प्रदेश की मिट्टी ने देश को अनगिनत वीर सैनिक दिए हैं। राज्य सरकार वीर जवानों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
विकास और रोजगार पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत 2047 के संकल्प के साथ उत्तराखंड भी विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और हवाई संपर्क जैसी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। राज्य में विभिन्न क्षेत्रों के लिए विशिष्ट नीतियों के माध्यम से विकास का रोडमैप तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था में लगातार वृद्धि हुई है। पिछले एक वर्ष में राज्य के सकल घरेलू उत्पाद में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि प्रतिव्यक्ति आय में भी 41 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप की संख्या 1,750 से अधिक हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में रिवर्स पलायन में भी वृद्धि हुई है तथा सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने में उत्तराखंड ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
सख्त कानूनों और सरकारी भूमि को लेकर भी बोले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि के मूल स्वरूप के साथ किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। राज्य में धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून और समान नागरिक संहिता लागू की गई है। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के साथ भ्रष्टाचार के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई है।
उन्होंने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले करीब पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। युवाओं को रोजगार पाने के साथ-साथ रोजगार देने वाला बनाने के लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होम-स्टे और पर्यटन नीति जैसी योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, सविता कपूर, महापौर सौरभ थपलियाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और आमजन मौजूद रहे।